डीग शहर के कामां रोड स्थित छःमोरा के पास शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद डीग के राजकीय अस्पताल से भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, जिले के नगला खोह निवासी नारायण शर्मा (22) पुत्र छीतरमल शर्मा शुक्रवार रात डीग से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान डीग की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद नारायण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे एक कार चालक ने घायल युवक को सड़क किनारे पड़ा देखा। कार ड्राइवर ने तुरंत उसे अपनी गाड़ी से डीग के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आरबीएम अस्पताल, भरतपुर रेफर कर दिया।


