डीजे विवाद का खौफनाक अंजाम:कोडरमा के क्लब के सामने बम से हमला, एक व्यक्ति और गाय घायल; दो जिंदा बम मिले

कोडरमा जिले के डोमचांच बाजार में बीती रात एक सनसनीखेज घटना में बी फॉर यू क्लब के सामने बम फेंके जाने से दहशत फैल गई। इस हमले में एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई और एक युवक तुषार कुमार के चेहरे पर चोटें आईं। पुलिस जांच में मौके से दो जिंदा बम बरामद किए गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह हमला बाला मेहता और उसके साथियों रंजीत यादव, सूरज यादव तथा अमित कुमार द्वारा किया गया है। यह घटना 3 फरवरी को सरस्वती पूजा के दौरान हुए डीजे विवाद का परिणाम माना जा रहा है। सरस्वती पूजा के दिन डीजे बजाने को लेकर बी फॉर यू क्लब के सदस्यों और बाला मेहता के बीच झगड़ा हुआ था। बाला मेहता ने क्लब के विशाल कुमार समेत अन्य सदस्यों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद उसने क्लब सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कोडरमा-जमुआ मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। डोमचांच थाना प्रभारी प्रेम कुमार ने दोषियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित किया और कहा कि अपराधियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *