डीडवाना शहर के कायमखानी हॉस्टल के समीप स्थित कब्रिस्तान में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने सूखी घास को अपनी चपेट में ले लिया और विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों की सजगता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कब्रिस्तान से धुआं और आग की लपटें उठती देख क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। तेज हवा और सूखी घास के कारण आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों में भी दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय निवासियों ने तुरंत नगर परिषद के अग्निशमन केंद्र को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर परिषद की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। फायरमैन श्रवण कुमार और पायलट नूर मोहम्मद खान ने मुस्तैदी दिखाते हुए आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग को पूरी तरह बुझा दिया और उसे फैलने से रोक लिया। आगजनी में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। समय पर आग पर नियंत्रण पा लेने से कब्रिस्तान के पास स्थित रिहायशी इलाकों और संपत्ति को नुकसान से बचा लिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


