डीडवाना-कुचामन में अपराधियों के 4 फोलोवर गिरफ्तार:इंस्टाग्राम पर करते थे महिमामंडन, विशेष अभियान चलाकर दबोचा

डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सोशल मीडिया पर उनके कृत्यों का महिमामंडन करने वालों पर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में, पुलिस थाना बडू क्षेत्र में एक विशेष अभियान चलाकर 4 लोगों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई बडू थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान यह सामने आया कि कुछ व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर इंस्टाग्राम पर गैंग बनाकर अपराधियों को फॉलो कर रहे थे। वे गैंगस्टरों के नाम से सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर तस्वीरें और वीडियो अपलोड कर रहे थे। ऐसे कृत्यों से समाज में गलत संदेश फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। इन चिन्हित व्यक्तियों को डिटेन कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों का किसी भी रूप में समर्थन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। हिरासत में लिए गए व्यक्तियों में नैणिया, थाना बडू निवासी लक्की (19) पुत्र राजेन्द्र कुमार नायक, हुलढाणी, थाना बडू निवासी सुजाराम (50) पुत्र पूसाराम सैन, हरनांवा, थाना बडू निवासी जुगलकिशोर सैन (20) पुत्र राधेश्याम सैन, और बिल्लू, थाना बडू निवासी जितेन्द्र शर्मा पुत्र लालचंद शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *