डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 48 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृत्ताधिकारी जेवूसिंह के सुपरविजन में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत की गई। मौलासर थाना पुलिस की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अवैध हेरोइन के साथ घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 48 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश (38) पुत्र भंवरलाल, निवासी निमोद, थाना मौलासर, और बंशीलाल (32) पुत्र ईश्वरराम, निवासी दीपपुरा रोड, थाना कुचामन सिटी के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में मौलासर थानाधिकारी उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में जीवराज सिंह, प्रेमप्रकाश, शम्भूसिंह, दिनेश कुमार, धनेश, शोभाराम, रिछपाल बेडा, सुनिल, नरेन्द्र सिंह और भंवरलाल शामिल थे। इस अभियान में रिछपाल बेडा का विशेष योगदान रहा। डीडवाना-कुचामन पुलिस ने दोहराया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


