बीकानेर के पूगल फांटा बस स्टेंड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब रोडवेज की एक बस में सवारी ने बैठे-बैठे ही दम तोड़ दिया। इस समय उसकी पत्नी साथ में थी। बाद में नयाशहर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को परिजनों के सुपुर्द किया। मृतक अस्सी साल का बुजुर्ग गिरधारी जाट थे, जो दो दिन से पीबीएम अस्पताल में इलाज लेकर वापस अनूपगढ़ लौट रहे थे। रास्ते में ही दम टूट गया। नयाशहर पुलिस के अनुसार गिरधारी रोडवेज बस से अनूपगढ़ के लिए रवाना हुआ था। परिजनों ने उसे रास्ते में संभाला तो हरकत नहीं थी। साथ चल रही महिला ने पूगल फांटे के पास बस को रुकवाया और बताया कि गिरधारी कुछ नहीं बोल रहे हैं। आसपास के लोगों ने संभाला तो पता चला कि उसने दम तोड़ दिया है। बाद में नयाशहर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और एंबुलेंस 108 पहुंच गई। बाद में एक प्राइवेट एंबुलेंस में परिजन लेकर अनूपगढ़ रवाना होगए। तब तक ये बस भी वहीं खड़ी रही। इस घटना के बाद बस में चल रही सवारियां एक बार नीचे उतर गई। शव को वहां से एंबुलेंस में पहुंचाने के बाद ही सवारियां वापस बैठी और बस रवाना हुई। मौके पर पहुंचे नयाशहर थाने के हेड कांस्टेबल शेर सिंह ने बताया कि परिजनों ने एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आग्रह किया था, जो करवा दी गई। गिरधारी कुछ समय से बीमार थे और उनकी मृत्यु को सामान्य माना जा रहा है।


