डीडवाना नगर परिषद का घेराव:बदहाल व्यवस्था, भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रदर्शन; तहसीलदार की मध्यस्थता से समाप्त

डीडवाना शहर में अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले नगर परिषद का घेराव किया गया। यह प्रदर्शन शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था, सीवरेज की गंभीर समस्या और नगर परिषद में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर किया गया। किसान सभा के नेता भागीरथ यादव, जगदीश गोदारा और रामचंद्र के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शहरवासी नगर परिषद परिसर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब किसान सभा के पदाधिकारी और नागरिक ज्ञापन सौंपने के लिए परिषद के भीतर प्रवेश करने लगे। पुलिस ने उन्हें मुख्य द्वार पर ही रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद आयुक्त पर भ्रष्टाचार और पक्षपातपूर्ण कार्यशैली के आरोप लगाए। किसान नेताओं का दावा था कि परिषद में “22 प्रतिशत दलाली” का खेल चल रहा है और सफाई के नाम पर आमजन से 50 रुपए की अवैध वसूली की जा रही है। किसान सभा की ओर से सात प्रमुख मांगों वाला एक ज्ञापन सौंपा गया। इन मांगों में सीवरेज के गंदे पानी की तत्काल निकासी, पाइपलाइनों की सफाई, बंद पड़े सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को पुनः शुरू कर फिल्टर पानी किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध कराना शामिल था। इसके अतिरिक्त, शहर में नियमित साफ-सफाई के लिए ऑटो टिप्पर सेवा पुनः शुरू करने तथा वली कॉलोनी व बाग कॉलोनी में बरसाती पानी की निकासी हेतु प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था करने की भी मांग की गई। धरने के दौरान नगर परिषद आयुक्त प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने बाहर आए, लेकिन लगभग 15 मिनट चली यह वार्ता विफल रही। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन जारी रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार मौके पर पहुंचे और किसान सभा के प्रतिनिधियों व नगर परिषद प्रशासन के बीच मध्यस्थता की। दोबारा हुई वार्ता में समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद किसान सभा ने धरना समाप्त कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *