डीडवाना प्रवेश द्वार पर 111 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया:गणतंत्र दिवस पूर्व संध्या पर लोकार्पण, शहर को मिली नई पहचान

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर डीडवाना शहर के प्रवेश द्वार रहमान गेट पर 111 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण और ध्वजारोहण किया गया। नगर परिषद द्वारा स्थापित इस तिरंगे का विधिवत लोकार्पण नागौरिया मठ के मठाधीश विष्णु प्रपन्नाचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। समारोह के दौरान वंदे मातरम् और देशभक्ति गीतों की धुन पर 111 फीट ऊंचा तिरंगा आकाश में फहराया गया। इस अवसर पर पूरा परिसर तालियों और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, उपखंड अधिकारी विकास मोहन भाटी, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। गौरतलब है कि डीडवाना विकास मंच समेत विभिन्न सामाजिक संस्थाएं लंबे समय से शहर के प्रवेश द्वार पर विशाल तिरंगा स्थापित करने की मांग कर रही थीं। इस मांग के पूरा होने पर नागरिकों में उत्साह देखा गया। लोगों का मानना है कि यह तिरंगा शहर में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाएगा और डीडवाना की पहचान को मजबूत करेगा।
इस अवसर पर भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा ने कहा कि यह तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि डीडवाना की नई पहचान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने नगर परिषद और जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसे देखकर हर डीडवाना वासी को गर्व महसूस होगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा हमें एकता, अनुशासन और देशभक्ति का संदेश देता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगा और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा। डीडवाना विकास मंच के अध्यक्ष योगेश लाल शर्मा ने कहा कि यह दिन डीडवाना के इतिहास में महत्वपूर्ण रहेगा। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों को भी देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं नागरिकों ने तिरंगे के समक्ष राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली। पूरे आयोजन ने डीडवाना को नई पहचान देने के साथ-साथ शहरवासियों के हृदय में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *