डीडवाना में परिवहन विभाग ने बिना वैध फिटनेस वाले निजी श्रेणी के वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। यह कार्रवाई संयुक्त परिवहन आयुक्त, राजस्थान, जयपुर के निर्देशों पर की जा रही है। जिला परिवहन अधिकारी सुप्रिया बिश्नोई ने बताया कि कार्यालय रिकॉर्ड के अनुसार, जिले में 8 या उससे अधिक सीट क्षमता वाले 3005 निजी वाहनों की फिटनेस वैधता समाप्त हो चुकी है। इनमें से 1700 वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र भी समाप्त पाए गए हैं। विभाग ने ऐसे वाहन स्वामियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने वाहनों को भौतिक निरीक्षण के लिए शीघ्र परिवहन कार्यालय में प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में वाहन प्रस्तुत न करने पर उनके पंजीयन प्रमाण पत्र रद्द कर दिए जाएंगे। इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए परिवहन निरीक्षकों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वे बिना फिटनेस संचालित वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाएंगे। परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए समय पर अपने वाहनों का फिटनेस नवीनीकरण कराएं। इससे कानूनी कार्रवाई से बचा जा सकेगा और सड़क सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।


