डीडवाना में कांग्रेस ने शनिवार को वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। डीडवाना विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस प्रभारी लीलावती वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता को वोट देने के मौलिक अधिकार से वंचित किया जा रहा है। पूर्व विधायक चेतन डूडी ने कहा कि राहुल गांधी ने तथ्यों और सबूतों के साथ वोट चोरी का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीबों, किसानों, मजदूरों और अल्पसंख्यक वर्ग के मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटवा रही है। साथ ही फर्जी नाम जोड़कर चुनावी प्रक्रिया में धांधली की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि कांग्रेस कार्यकर्ता वोट चोरी बर्दाश्त नहीं करेंगे। वे लोकतांत्रिक तरीके से इस साजिश के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आवाज उठाएंगे। कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।


