डीडवाना वन विभाग ने खेजड़ी के अवैध कटान और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान अवैध रूप से खेजड़ी की लकड़ी ले जा रही तीन पिकअप गाड़ियों को जब्त किया गया। यह कार्रवाई उपवन संरक्षक विजयशंकर पाण्डेय और सहायक वन संरक्षक आकांक्षा गोठवाल के निर्देशों पर रेंज डीडवाना की टीम द्वारा की गई। वन विभाग ने अपने अभियान को तेज करते हुए यह कदम उठाया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी ममता ने बताया कि यह कार्रवाई डीडवाना-दयालपुरा सीकर रोड पर ग्राम दयालपुरा के पास हुई। जांच के दौरान खेजड़ी की लकड़ी से भरी इन तीनों पिकअप को रोका गया। अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहनों को जब्त कर राजस्थान वन अधिनियम, 1953 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि खेजड़ी के अवैध कटान और परिवहन के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


