डीडवाना में भाजपा नेता जोधा ने सुनी जनसमस्याएं:राज्य बजट से पहले जनसुनवाई, विकास का दिया भरोसा

प्रदेश में 11 फरवरी को पेश होने वाले राज्य बजट से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बजट में क्षेत्रीय मांगों को शामिल करवाने के लिए आमजन भी सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में डीडवाना में भाजपा के वरिष्ठ नेता जितेन्द्र सिंह जोधा के आवास पर जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने अपने-अपने क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं नेता जोधा के समक्ष रखीं। लोगों ने प्रमुख रूप से पेयजल संकट, जर्जर सड़कों की मरम्मत, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और बिजली आपूर्ति से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही आगामी बजट में क्षेत्रीय विकास के लिए नए प्रोजेक्ट स्वीकृत कराने की मांग भी उठाई। भाजपा नेता जितेन्द्र सिंह जोधा ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें सूचीबद्ध किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदें और क्षेत्र की आवश्यकताएं उनकी प्राथमिकता हैं। जोधा ने आश्वासन दिया कि बजट से पूर्व प्राप्त सुझावों और समस्याओं को संकलित कर राज्य सरकार एवं संबंधित मंत्रियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। उनका उद्देश्य है कि क्षेत्र को विकास की नई सौगातें मिल सकें। बजट पेश होने से पहले आयोजित ऐसी जनसुनवाईयों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से उनकी मांगें सरकार तक पहुंचेंगी, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *