डीडवाना में भारतीय संविधान की 77वीं वर्षगांठ, गणतंत्र दिवस के रूप में मनाई गई। जिला स्तरीय मुख्य समारोह राजकीय खेल स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें राजस्व राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा, जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत, एसपी ऋचा तोमर, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट पंकज तिवारी, एडीएम मोहनलाल खटनावलिया, एसडीएम विकास मोहन भाटी और एएसपी हिमांशु शर्मा सहित कई अधिकारी मंचासीन रहे। समारोह में शिक्षा, खेलकूद और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 89 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, स्वतंत्रता सेनानियों तथा विभिन्न युद्धों और ऑपरेशनों में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। स्कूली बच्चों और सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शहर के सभी सरकारी कार्यालयों तथा सरकारी व निजी शिक्षण संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किया गया। जिले भर में गणतंत्र दिवस का पर्व गरिमामयी ढंग से संपन्न हुआ।


