डीडवाना में 1 फरवरी रविवार को गणपति नगर स्थित सारस्वत वाटिका में विराट हिन्दू सम्मेलन होगा। गजानंद बस्ती के तत्वावधान में होने वाले इस सम्मेलन की तैयारियों के तहत भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। समिति प्रचार प्रमुख लोकेश अग्रवाल ने बताया कि पंडित गिरिराज जोशी के सानिध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। समिति सहसंयोजक राजेंद्र दाधीच ने जानकारी दी कि भूमि पूजन कार्यक्रम में बस्ती प्रतिनिधि के रूप में डॉ. सोहन चौधरी, पूर्व नगरपालिका चेयरमैन रामकिशन माली, मांगीलाल नायक, दोजराज गणेश मंदिर के पुजारी रामावतार दाधीच और मनोज अग्रवाल ने पूजा संपन्न करवाई। इसके बाद सामूहिक रूप से भारत माता की आरती की गई और प्रसाद वितरण हुआ। सम्मेलन की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर डाला प्रकाश
कार्यक्रम के बाद आयोजित बैठक में सम्मेलन को भव्य स्वरूप देने और आगामी आयोजनों को सफल बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में प्रत्येक हिन्दू परिवार तक पीले चावल और निमंत्रण पत्र पहुंचाने की कार्ययोजना बनाई गई। इस अवसर पर आरएसएस के जिला संघचालक रामावतार सराफ ने सम्मेलन की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। दोजराज गणेश मंदिर में महाआरती आज
पूर्व चेयरमैन रामकिशन पंवार ने बताया कि सम्मेलन के अंतर्गत बुधवार शाम को दोजराज गणेश मंदिर में महाआरती का आयोजन किया जाएगा। वहीं, समिति कोषाध्यक्ष रमाकांत दीक्षित और सह कोषाध्यक्ष अजय वर्मा ने जानकारी दी कि गुरुवार शाम को कुचामन रोड स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर में शिव आरती होगी।
संपर्क प्रमुख विट्ठल पारीक और सह संपर्क प्रमुख धन्नाराम प्रजापत ने बताया कि शुक्रवार शाम को स्थानीय संतोषी माता मंदिर में देवी पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में डॉ. सोहन चौधरी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गजानंद बस्ती के अनेक प्रबुद्धजन और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


