डीडवाना में जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कोष (DEAF) पर जिला स्तरीय शिविर 12 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के वित्तीय सेवाएं विभाग के निर्देशानुसार ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ जन-जागरूकता अभियान के तहत यह शिविर नागरिकों को उनकी अनक्लेम्ड राशि वापस दिलाने में सहायता करेगा। अग्रणी जिला प्रबंधक नवेंदु कुमार ने बताया कि यह शिविर जिला कलेक्टर के नेतृत्व में आयोजित होगा। डीडवाना-कुचामन जिले में यह विशेष जागरूकता शिविर 12 दिसंबर को सुबह 10 बजे से मालियान सूर्य मंदिर, सिंघी बास, डीडवाना में लगेगा। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत और अग्रणी जिला प्रबंधक स्वयं इस शिविर की निगरानी करेंगे। कार्यक्रम में सभी बैंक, बीमा कंपनियां, पेंशन विभाग, प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) तथा अवैतनिक निधि से जुड़े विभाग सहभागिता करेंगे। शिविर में नागरिकों को अनक्लेम्ड जमा राशि, बीमा दावे, डिविडेंड, शेयर व म्यूचुअल फंड से संबंधित जानकारी और सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, दावा प्रपत्र भरने में सहायता और केवाईसी अपडेट व दस्तावेज सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि जिले के विभिन्न बैंकों में लगभग 1.31 लाख निष्क्रिय खातों में जमा 39.23 करोड़ रुपए पिछले 10 वर्षों से लेनदेन नहीं होने के कारण भारतीय रिज़र्व बैंक के जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कोष (DEAF) में स्थानांतरित हो चुके हैं। इस राशि को वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ये विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। डीडवाना-कुचामन क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लें और वित्तीय जागरूकता के साथ-साथ अपनी दावारहित राशि के दावे को पूरा करवाएं। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, राजस्थान ने इस पहल को नागरिकों को उनकी जमा पूंजी और निवेश पर अधिकार सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण मुहिम बताया है।


