डीडवाना में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत मतदाताओं के शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा करने वाले 16 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने सम्मानित किया। यह सम्मान जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र देकर किया गया। कलेक्टर ने बताया कि निर्धारित समयसीमा में श्रेष्ठ कार्य करने वाले बीएलओ में विधानसभा क्षेत्र डीडवाना के भाग संख्या 05 और 106, लाडनूं के 75 व 163, मकराना के 34, 01, 152, 23, 52, 39, 10, 83 व 113, नांवा के 214 व 231 तथा परबतसर के भाग संख्या 144 के बीएलओ शामिल हैं। डॉ. खड़गावत ने कहा कि बीएलओ केवल तकनीकी अपडेट करने वाले कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ों को मजबूत करने वाले महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची ही चुनाव की पारदर्शिता और विश्वसनीयता का आधार है। उन्होंने बीएलओ से आगामी SIR-2026 के दौरान जागरूकता बढ़ाने, नए पात्र मतदाताओं को जोड़ने और अधिकतम प्रपत्रों को समय पर भरने की अपील की।उन्होंने कहा कि समय पर डिजिटाइजेशन से निर्वाचन प्रक्रिया और अधिक आधुनिक, पारदर्शी और व्यवस्थित बन सकेगी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान अन्य बीएलओ के लिए भी प्रेरणा का कार्य करेगा।


