धौलपुर जिले के बसेड़ी थाना क्षेत्र स्थित सलेमपुर गांव में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। किसान परिवार के मकान की छत अचानक ढह गई। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर बने टीन शेड के नीचे बैठकर खाना खा रहे थे। ऐसे में जनहानि नहीं हुई। सलेमपुर निवासी एवं पूर्व विधायक सुखराम कोली ने बताया कि यह मकान किसान रामेश्वर पुत्र छोटेलाल कुशवाहा का है, जो मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। घटना के दौरान छत की पट्टियां अचानक टूटकर नीचे गिर गईं। घर के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे गंभीर हादसा होने से बच गया। पूर्व विधायक कोली ने कहा कि उन्होंने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस व उपखंड प्रशासन को दे दी है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि मकान काफी पुराना और जर्जर हालत में था, जिसकी मरम्मत लंबे समय से नहीं हो पाई थी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन सभी सुरक्षित रहने से राहत की सांस ली गई।


