डीपीएस राजनांदगांव की बास्केटबॉल टीम को मिला अंतरराष्ट्रीय मौका:एनबीए राइजिंग स्टार टूर्नामेंट में भाग लेगी स्कूल की बालिका टीम,12 देशों की टीमें होंगी शामिल

दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनांदगांव की बालिका बास्केटबॉल टीम 24 से 29 जून तक सिंगापुर में होने वाले एनबीए राइजिंग स्टार टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। एनबीए सिंगापुर द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में एशिया प्रशांत क्षेत्र के 12 देशों की सर्वश्रेष्ठ हाई स्कूल टीमें हिस्सा लेंगी। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, जापान, चीन, मंगोलिया, फिलीपींस, इंडोनेशिया, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, सिंगापुर और राष्ट्रीय ए डिवीजन विजेता टीम शामिल होंगी। डीपीएस की टीम के पास शानदार ट्रैक रिकॉर्ड है। टीम जूनियर आयु वर्ग की विजेता रही है। स्कूल की प्राचार्य निर्मला सिंह के अनुसार, टीम ने 2024-25 में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। दिल्ली में एनबीए द्वारा आयोजित 3×3 इंटर स्कूल टूर्नामेंट में उपविजेता और भुवनेश्वर में आयोजित 3×3 टूर्नामेंट में विजेता रही। इंदौर में सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता और कटक में सीबीएसई क्लस्टर में स्वर्ण पदक जीता। पिछले वर्ष चेन्नई में आयोजित स्कूल नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में टीम ने कांस्य पदक जीता। टूर्नामेंट का सारा खर्च एनबीए वहन करेगा। स्कूल द्वारा खिलाड़ियों को प्लेइंग किट, ट्रैक सूट, जूते, सूटकेस, किट बैग और मोजे प्रदान किए गए हैं। सिंगापुर में खेलने जाएगी डीपीएस की बास्केटबॉल टीम डीपीएस की बास्केटबॉल टीम सिंगापुर में होने वाले टूर्नामेंट में भाग लेने जा रही है। यह टीम डीपीएस खेलो इंडिया बास्केटबॉल अकादमी राजनांदगांव और सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी राजनांदगांव के खिलाड़ियों से मिलकर बनी है। टीम के मुख्य कोच हैं कालवा राजेश्वर राव, जबकि सह-कोच की जिम्मेदारी कालवा राधा राव निभा रही हैं। टीम के मैनेजर हैं मुन्ना लाल जायसवाल। टीम की कप्तान अंजली कोडापे हैं। अन्य खिलाड़ियों में अदिति कोडापे, काम्या झा, रूमी कोनवर, श्वेता सिंह, अंजनी, सोफी सिका, अनुष्का बनर्जी, केथरिना नजारथ, और आर्या विजय अवारे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *