भास्कर न्यूज | अमृतसर यूथ कांग्रेस की ओर से सोमवार को अमृतसर के डीसीपी कार्यालय के बाहर पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल कुमार की अगुवाई में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदेश में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था पर गहरी चिंता जताई। इस दौरान जिला यूथ कांग्रेस प्रधान राहुल कुमार ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में पंजाब के हालात बेहद खराब हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को सत्ता में आए लगभग 4 साल हो चुके हैं, लेकिन कानून व्यवस्था संभालने में सूबा सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य में आए दिन हत्या, लूट, फिरौती और गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज हालात ऐसे हो गए हैं कि आम सब्जी मिलना मुश्किल हो सकता है, लेकिन नशा घर-घर तक पहुंच चुका है। प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस नेताओं ने डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर के नाम एसीपी को एक मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में पंजाब सरकार से प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए तुरंत और प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। यूथ कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि हालात में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


