भास्कर न्यूज| चाईबासा जिले के उपायुक्त चंदन कुमार के एक आदेश पर शनिवार को शहीद पोटो हो की वंशज रश्मि पूर्ति का नामांकन संत जेवियर्स गर्ल्स इंटर कॉलेज चाईबासा (आवासीय) में हो गया। न केवल कॉलेज में नामांकन हुआ बल्कि छात्रावास में जगह भी मिल गई। वहीं सोमवार तक स्कूल ज्वाइन करने का आदेश भी दिया गया। डीसी ने पढ़ाई का खर्चा उठाने का भी आश्वासन दिया। दरअसल दो दिन पूर्व कोल्हान भूमि बचाओ समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार ने उपायुक्त को पत्र लिखकर शहीद पोटो हो कि इस वंशज को सरकारी खर्चे पर शहर के संत जेवियर्स गर्ल्स कॉलेज (आवासीय) चाईबासा में पढ़ाने की मांग की थी। शनिवार को विनोद रश्मि को उसके पिता राजेंद्र पूर्ति, चाचा जापान पूर्ति के साथ लेकर उपायुक्त से मिले। डीसी ने त्वरित कार्रवाई कर नामांकन का आदेश दिया। डीसी ने रश्मि की पढ़ाई और हॉस्टल आदि में आर्थिक मदद देने की भी बात कही। वहीं डीसी ने रश्मि को ध्यान लगाकर पढ़ने और माता-पिता का नाम रोशन करने की सलाह दी। पिता व चाचा ने त्वरित कार्रवाई के लिए डीसी का आभार जताया। ज्ञात हो कि जगन्नाथपुर के राजाबासा निवासी रश्मि पूर्ति बेहद गरीब परिवार से आती है। माता-पिता मजदूर हैं। कॉलेज में पढ़ने के भी पैसे नहीं थे।


