लोहरदगा|लोहरदगा जिला प्रशासन ने आम नागरिकों को सतर्क करते हुए एक आवश्यक सूचना जारी की है। जिला जनसंपर्क कार्यालय, लोहरदगा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति संख्या–25 के अनुसार, असामाजिक तत्वों द्वारा लोहरदगा के उपायुक्त डॉ. ताराचंद के नाम और फोटो का दुरुपयोग करते हुए एक फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाई गई है। जिला प्रशासन के अनुसार उक्त फर्जी व्हाट्सएप आईडी के माध्यम से भ्रामक एवं गुमराह करने वाले संदेश भेजे जा रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी संदेश पर नागरिक विश्वास न करें और किसी प्रकार की प्रतिक्रिया या जानकारी साझा न करें। प्रशासन ने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय फोन नंबर +84352669814 से “कुमार ताराचंद” नाम का उपयोग करते हुए संदेश भेजे जा रहे हैं। यदि किसी भी नागरिक को इस नंबर या इससे जुड़े किसी संदेश की जानकारी मिले, तो वे तत्काल जिला प्रशासन या संबंधित कार्यालय को सूचित करें। लोहरदगा जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, किसी भी फर्जी पहचान के झांसे में न आएं और ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।


