भास्कर न्यूज | अमृतसर विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने डीसी कॉम्प्लेक्स अमृतसर में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने अजनाला विधानसभा क्षेत्र के उन बाढ़ प्रभावित परिवारों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और जल्द से जल्द मुआवजा जारी करने के निर्देश दिए, जिन्हें अभी तक सहायता राशि नहीं मिली है। धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली ‘आम आदमी पार्टी’ की सरकार हर प्रभावित व्यक्ति के पुनर्वास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के इतिहास में यह पहली सरकार है, जिसने फसलों और घरों के नुकसान का मुआवजा इतनी तेजी से जारी किया है। विधायक ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री ने सभी एसडीएम को सख्त निर्देश दिए हैं कि मुआवजे की प्रक्रिया में बेवजह देरी न की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी इसमें अड़चन पैदा करता है या भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। धालीवाल ने कहा कि यदि किसी को मुआवजे से संबंधित कोई शिकायत है, तो वे सीधे एसडीएम से संपर्क करें। इस बैठक में एसडीएम रविंदर सिंह, जिला राजस्व अधिकारी नवकीरत सिंह, दिलबाग सिंह आदि मौजूद थे।


