भास्कर न्यूज| अमृतसर नगर निगम अमृतसर ने काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वाटर (सीईईडब्ल्यू) के सहयोग से शहर में वार्ड लेवल ठोस कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए एक खास वर्कशॉप करवाई। इस वर्कशॉप का मकसद एक मैट्रिक्स फ्रेमवर्क के जरिए अमृतसर के सभी 85 वार्डों के लिए स्थानीय हालात के हिसाब से प्रैक्टिकल और काम करने लायक सॉल्यूशन तैयार करना था। वर्कशॉप को संबोधित करते हुए नगर निगम आयुक्त बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने कहा कि अमृतसर शहर वेस्ट मैनेजमेंट के मामले में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि बल्क वेस्ट जनरेटर्स (ज्यादा कचरा पैदा करने वाली यूनिट्स) के रजिस्ट्रेशन को सख्ती से लागू करने में अमृतसर, मुंबई के बाद देश में दूसरे नंबर पर है। आयुक्त ने कहा कि आने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण में अमृतसर को देश के टॉप-5 साफ शहरों में शामिल करवाने का टारगेट रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्कशॉप के दौरान वार्ड लेवल अफसरों, सेनेटरी इंस्पेक्टर्स और हेल्थ अधिकारियों को सीआरएस मैट्रिक्स के जरिए कचरा प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं के रूट कॉज पहचानने और उनके समाधान तैयार करने की ट्रेनिंग दी गई। इस मौके पर अतिरिक्त आयुक्त, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर, मेडिकल हेल्थ ऑफिसर और रिसर्चर भी मौजूद रहे।


