भास्कर न्यूज| सरायकेला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रखंड स्तरीय समन्वय समिति की बैठकें नियमित रूप से करें, योजनाओं का स्थल निरीक्षण करें तथा कार्यों को तय समयावधि में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल देते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ताकि योग्य लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। आपूर्ति विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने ग्रीन राशन कार्ड, मुख्यमंत्री डाकिया योजना, चना वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उपायुक्त ने सभी पात्र लाभुकों का ई-केवाईसी कराते हुए अपात्र नामों को विलोपित करने, तथा समयबद्ध राशन वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। धान अधिप्राप्ति एवं उठाव के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के अनुसार ससमय क्रय एवं द्वितीय किस्त के भुगतान पर जोर दिया गया। उद्योग विभाग को लेकर बैठक में पीएम-विश्वकर्मा, पीएम-एफएमई, पीएमईजीपी, ट्रेड आधारित प्रशिक्षण योजनाओं की समीक्षा की गई। लक्ष्यानुसार आवेदन प्राप्त कर लाभुकों को चयनित करने एवं बैंक ऋण प्रदान करने के लिए एलडीएम से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उप विकास आयुक्त-सह-परियोजना निदेशक आईटीडीए रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी (सरायकेला एवं चांडिल), जिला परिवहन पदाधिकारी, पंचायती राज पदाधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए लंबित केवाईसी मामलों के शीघ्र निष्पादन, सभी योग्य किसानों को बीज वितरण तथा केसीसी कवरेज शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग की योजनाओं पर उपायुक्त ने विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जर्जर भवनों के मरम्मत करने का प्रस्ताव समर्पित करने तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक, मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए नियमित गतिविधियां आयोजित करने की बात कही। कल्याण, पंचायती राज, पीएम-जन-मान, धरती आबा, सहकारिता, भूमि संरक्षण, खेलकूद, पर्यटन, कला-संस्कृति, कौशल विकास, श्रम आदि विभागों की समीक्षा करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु सभी अधिकारियों को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी अधिकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा करें। कार्य योजना तैयार करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें।


