अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में वर्ष 2025–26 की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की गई। डूंगरपुर निवासी हर्षित ननोमा को संगठन का राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया। नियुक्ति राजस्थान और विशेष रूप से वागड़ क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बनी है। हर्षित ननोमा ने बीएससी, बीएड और एलएलबी तक शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में एलएलएम की पढ़ाई कर रहे हैं। वे 2014 से विद्यार्थी परिषद से जुड़े हैं और संगठन में रहते हुए नगर मंत्री (डूंगरपुर), जिला संयोजक (डूंगरपुर), विभाग संयोजक (बांसवाड़ा), प्रान्त सह मंत्री, प्रान्त मंत्री, इसके बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं उत्तर-पश्चिम क्षेत्र जनजाति कार्य प्रमुख का दायित्व निभा चुके हैं। शिक्षा, जनजाति क्षेत्र विकास और छात्र हितों में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण पद दिया गया। नियुक्ति पर प्रान्त सह मंत्री आनंद निनामा ने खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे वागड़ और राजस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा-यह केवल हर्षित ननोमा की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि जनजाति समाज के युवाओं की मेहनत और संघर्ष का सम्मान है। इस घोषणा से युवाओं में उत्साह की नई ऊर्जा आई है। नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री हर्षित ननोमा ने कहा-अभाविप राष्ट्रवादी विचारधारा और छात्र हितों के लिए सतत कार्य करने वाला संगठन है। राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मेरे लिए सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी है। मैं पूरी निष्ठा और समर्पण से संगठन और छात्रों के हित में काम करता रहूँगा। हर्षित ननोमा की नियुक्ति के बाद पूरे राजस्थान, विशेषकर वागड़ और जनजाति क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे अपनी कार्यशैली और अनुभव से संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।


