झालावाड़ शहर के एक निजी होटल में अहले हदीस जमीयत के तत्वावधान में बीती रात ‘मुहब्बते रसूल’ कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शिक्षाओं और जीवन से जुड़े संदेशों को आम लोगों तक पहुंचाना था। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अब्दुल हमीद मदनी ने संबोधित करते हुए कहा कि यदि मोहम्मद साहब के पैगाम को अपनी जिंदगी में अपना लिया जाए, तो इंसान सभी बुराइयों से दूर हो सकता है। उन्होंने कहा कि इससे हरामखोरी, नशाखोरी, सूदखोरी और फिजूलखर्ची जैसी खराब आदतें खत्म होंगी। मदनी ने कुरान और सुन्नत का हवाला देते हुए कहा कि मोहम्मद साहब के तरीके पर चलने से दुनिया और आखिरत दोनों में कामयाबी मिलती है। उन्होंने कहा कि बुराई का जवाब भलाई से देना चाहिए और इंसानियत को सबसे ऊपर रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि मोहम्मद साहब ने हमेशा भाईचारे, शांति और मोहब्बत का संदेश दिया है। मदनी ने कहा-अल्लाह के नबी से सच्ची मोहब्बत का मतलब है कि हमारी जिंदगी में उनकी सीरत झलके। कार्यक्रम में कोटा, इंदौर, सुकेत और बूंदी से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। आयोजन की सदारत अमीर जमात राजस्थान मोहम्मद इस्माइल सरवाड़ी ने की, जबकि अस्लम खान ने आयोजन की सफलता के लिए झालावाड़ जिले के समाज बंधुओं का धन्यवाद किया। इस अवसर पर जमशेद खालिद हुसैन, हाफिज तोहिद खान, अब्दुल हफीज, निसार अहमद खिलजी, रहीम मोदी और शेख सिराजुद्दीन सलफी समेत अनेक मेहमान उपस्थित रहे।


