डूंगरपुर के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में एक जीएसएसकर्मी करंट लगने से बुरी तरह झुलस गया। यह घटना सागवाड़ा मसानिया जीएसएस पर काम करते समय हुई। गंभीर हालत में उसे डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, 48 वर्षीय पुंजालाल अहारी सागवाड़ा मसानिया तालाब जीएसएस पर कार्यरत है। बिजली ट्रिप होने के बाद वह उसे दोबारा चालू करने गया था। इसी दौरान अचानक उसे करंट लग गया। करंट लगने से पुंजालाल के दोनों हाथ और चेहरा बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद उसे तत्काल सागवाड़ा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। साथी बिजलीकर्मी और परिजन उसे लेकर डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया।


