डूंगरपुर जिले की कुआं थाना पुलिस ने डूंगरसारण चौराहे पर गश्त के दौरान शराब से भरी एक ईको कार जब्त की है। अंधेरे का फायदा उठाकर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार से 14 कार्टन शराब बरामद की है। कुआं थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस राजस्थान-गुजरात के डूंगरसारण बॉर्डर पर अलसुबह गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की ईको कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन ड्राइवर गाड़ी घुमाकर भागने लगा। पुलिस ने कार का पीछा किया। कुछ दूर जाने के बाद ड्राइवर ईको कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें शराब के कार्टन भरे हुए मिले। पुलिस ने कार और शराब के 14 कार्टन जब्त कर लिए हैं। आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।


