वरदा थाना क्षेत्र के टामटिया गांव में सोमवार रात नेशनल हाईवे किनारे स्थित एक इलेक्ट्रिकल्स एंड हार्डवेयर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग से लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है, लेकिन शॉर्ट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। टामटिया गांव में दुकान से धुआं और लपटें उठते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कई युवाओं ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। वहीं, सागवाड़ा नगर पालिका की एंबुलेंस को भी सूचना दी गई। बिजली सप्लाई बंद करवाई गई। घटना की सूचना मिलते ही वरदा पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। दुकान में वायर, मोटर, पंखे, एग्जॉस्ट फैन, सीमेंट समेत बड़ी मात्रा में कीमती इलेक्ट्रिक और हार्डवेयर का सामान भरा हुआ था। दुकान संचालक राजू पाटीदार ने बताया कि दिवाली सीजन को देखते हुए उन्होंने हाल ही में लाखों रुपए का नया स्टॉक खरीदा था, लेकिन आग में पूरा सामान जलकर राख हो गया। अचानक हुई इस आगजनी से भारी नुकसान हुआ है।


