डूंगरपुर जिले में 23 जनवरी से गिरदावर सर्किल पर ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के सफल संचालन के लिए जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट स्थित आईटी केंद्र के सभागार में आयोजित इस बैठक में कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने सभी उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, विकास अधिकारी और अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने 23 जनवरी से शुरू होने वाले इन शिविरों के सफल आयोजन हेतु विभागीय कार्यों की जानकारी ली और उन्हें समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि शिविरों का शुभारंभ 23 जनवरी को बसंत पंचमी के अवसर पर दो चरणों में होगा। प्रथम चरण 23, 24, 25 और 31 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। द्वितीय चरण 5 से 9 फरवरी तक (कुल 9 दिन) चलेगा। प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शिविर लगेंगे। इन शिविरों को सफल बनाने के लिए कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, ग्रामीण विकास विभाग और पंचायती राज विभाग द्वारा विभिन्न कार्य संपादित किए जाएंगे। बैठक में जिला कलेक्टर ने शिविर आयोजन के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।


