डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के गडा रोदा गांव में एक युवक की चलती बाइक से गिरने से मौत हो गई। युवक को अचानक चक्कर आने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौरासी थाने के हेड कॉन्स्टेबल ईश्वरलाल ने बताया कि गडा रोदा निवासी अशोक गमेती ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार अशोक अपने चाचा मोहनलाल (45) के साथ बाइक से खेतों पर गया था। खेतों का काम खत्म करने के बाद वे वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहनलाल को अचानक चक्कर आ गए। चक्कर आने से मोहनलाल चलती बाइक से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मोहनलाल को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया और पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।


