डूंगरपुर शहर के पुराना बस स्टैंड के पास शनिवार रात चोरों ने मछली और अंडे की दुकानों को निशाना बनाया। चोर दोनों दुकानों से करीब 15 हजार रुपए की नगदी चुरा ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में चोर मछली की दुकान में सीमेंट की चद्दर तोड़कर छत के रास्ते से घुसे। उन्होंने गल्ले में रखे करीब 12 से 13 हजार रुपए नकद चुरा लिए।
सुबह जब दुकानदार दुकान पर पहुंचा, तो उसने गल्ला गायब पाया। बाद में, दुकान से लगभग 200 मीटर दूर झाड़ियों में टूटा हुआ गल्ला मिला। इसके साथ ही चोरों ने एक लोडिंग टेम्पो में चल रही अंडे की दुकान को भी निशाना बनाया। चोरों ने टेम्पो का त्रिपाल काटकर गल्ले में रखे करीब 2 हजार रुपए के खुले पैसे चुरा लिए।
इस संबंध में कोतवाली थाना पुलिस को चोरी की रिपोर्ट दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


