डूंगरपुर जिले में पंचायतीराज विभाग की 3 दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुक्रवार से शुरू हो गई है। शहर के लक्ष्मण मैदान में इसका उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। यह प्रतियोगिता 11 जनवरी को समाप्त होगी।
इस प्रतियोगिता में जिले की सभी 10 पंचायत समितियों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस स्पर्धा में रस्साकशी, वॉलीबॉल, दौड़, मेहंदी, बैडमिंटन और क्रिकेट सहित कुल छह खेलों का आयोजन किया जाएगा। लक्ष्मण मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) दिनेशचंद्र धाकड़ मुख्य अतिथि रहे, जबकि जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हनुमान सिंह राठौड़ ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर सभी पंचायत समितियों के विकास अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे। अपने संबोधन में एडीएम दिनेशचंद्र धाकड़ ने कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी मजबूत करता है। उन्होंने टीम वर्क, अनुशासन और नेतृत्व के गुणों पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारियों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना आवश्यक है। जिला परिषद सीईओ हनुमान सिंह राठौड़ ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों के बीच खेल भावना को बढ़ावा देना और उन्हें एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आयोजन सहयोग और समर्थन के मूल्यों को सीखने में सहायक होगा।


