डूंगरपुर में प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलटी:6 घायल यात्रियों को अस्पताल में कराया भर्ती, बाइक को बचाने के प्रयास में हादसा

डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में साबली गांव के पास एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार छह यात्री घायल हो गए, जिन्हें डूंगरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह बस धरियावद से अहमदाबाद जा रही थी और एक बाइक को बचाने के प्रयास में यह दुर्घटना हुई। बिछीवाड़ा थाना पुलिस के अनुसार यह निजी बस शनिवार को धरियावद से रवाना हुई थी। विभिन्न गांवों से सवारियां लेते हुए बस बिछीवाड़ा क्षेत्र में साबली पेट्रोल पंप के पास पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। इस दौरान कई यात्रियों को चोटें आईं, जिनमें से छह यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से डूंगरपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल हुए यात्रियों में वागदरी निवासी किंजल कांतिलाल अहारी, खेमपुर निवासी गजेंद्र पुत्र संजय अहारी, वागदरी निवासी रविशंकर पुत्र बाबूलाल कोटेड, बिछीवाड़ा निवासी शिला पत्नी पूंजीलाल रोत, टाड़ी ओबरी निवासी राधा पत्नी मगन मनाता और धूलेश्वर पुत्र लक्ष्मण गरासिया शामिल हैं। बताया गया है कि कुछ अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आई थीं, जिन्होंने साबली अस्पताल में प्राथमिक उपचार करवाकर छुट्टी ले ली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *