डूंगरपुर के धंबोला थाना क्षेत्र अंतर्गत कोवाड़िया फला में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला है। मृतका के पीहर पक्ष ने मौत पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। सीमलवाड़ा चौकी प्रभारी सकाराम परमार ने बताया कि रेखा (43) पत्नी रमेश खांट निवासी कोवाड़िया फला का शव उसके घर में रस्सी के फंदे पर लटका मिला। घटना के समय महिला घर पर अकेली थी, क्योंकि उसका पति और दो बच्चे अहमदाबाद में मजदूरी के लिए गए हुए थे। पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 12 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। सुबह करीब चार बजे शव को सीमलवाड़ा मॉर्च्युरी में रखवाया गया। आज सुबह जब पीहर पक्ष मॉर्च्युरी पहुंचा, तो उन्होंने गंभीर आरोप लगाए। पीहर पक्ष का कहना है कि उन्हें समय पर सूचना नहीं दी गई और उनकी गैर-मौजूदगी में ही शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया। मृतका के भाई नरेश अहारी ने आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पीहर पक्ष से समझाइश का प्रयास कर रही है। शव का पोस्टमॉर्टम अभी तक नहीं हो पाया है और वह मॉर्च्युरी में ही रखा हुआ है।


