सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत 17 सितम्बर से शहरी सेवा शिविर ओर ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीण सेवा शिविर अभियान प्रारंभ किया जाएगा। शिविरों के माध्यम से सरकार की ओर से शहर से लेकर गांवों में आमजन को कई तरह की राहत पहुंचाई जाएगी। शिविरों के आयोजन को लेकर कलेक्टर अंकित सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेते हुए शिविरों में आने वाले आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीओआईटी सभागार में शिविरों के आयोजन को अंतिम रूप देते हुए नोडल अधिकारी, विभाग वार नियुक्त प्रभारी अधिकारी, डाटा एंट्री के लिए नियुक्त कार्मिक को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने शिविर में समय पर पहुंचने, अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने, फॉर्मेट में सूचनाओं का संग्रहण कर अपलोड करने आदि निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ग्रामीण सेवा शिविर अभियान के अंतर्गत 16 विभाग अपने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को राहत प्रदान करेंगे। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ग्राम क्षेत्र में सुबह 10 बजे से साढ़े 5.30 तक ग्रामीण सेवा शिविर अभियान के अंतर्गत शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी को शिविर में समय पर पहुंच कर शिविर में पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रकरण का निपटारा करते हुए राहत प्रदान करने, वंचित पात्र अभ्यर्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा शिविरों का सफल आयोजन करने के निर्देश दिए।


