डूंगरपुर की चौरासी थाना पुलिस ने रविवार सुबह एक गुजरात नंबर की कार से करीब 2.50 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने बाड़मेर निवासी एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है, जो शराब को गुजरात ले जा रहा था। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर चौरासी थानाधिकारी भंवर सिंह के नेतृत्व में हेड कॉन्स्टेबल हजारीलाल, कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार, लोकेश कुमार और वीरमल की एक टीम गठित की गई। टीम ने वैंजा चौकी के पास सीमलवाड़ा रोड पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान एक गुजरात नंबर की स्विफ्ट कार को आते देख उसे रुकने का इशारा किया गया। कार ड्राइवर धर्माराम (23) पुत्र महेंद्र कुमार निवासी सनावड़ा, बाड़मेर पुलिस को देखकर घबरा गया। तलाशी लेने पर कार की सीटों के नीचे विभिन्न ब्रांड की अवैध शराब छिपाई हुई मिली। जब्त शराब की बाजार कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस को शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने अवैध शराब और कार को जब्त कर लिया। आरोपी तस्कर धर्माराम को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे आगे की पूछताछ जारी है।


