डूंगरपुर में NH-48 पर चलती कार पर पथराव:बिछीवाड़ा में सलूंबर का परिवार बाल-बाल बचा, अहमदाबाद से लौट रहे थे

बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 48 पर एक चलती कार पर पथराव किया गया। इस घटना में सलूंबर जिले का वरनौती परिवार बाल-बाल बच गया। गुरुवार रात को हुई इस घटना में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी को चोट नहीं आई। सलूंबर के सालवी मोहल्ला निवासी प्रवीण वरनौती, उनकी पत्नी मीना कुमारी सालवी और उनके दो बेटे प्रतीक व कविस वरनौती मकर संक्रांति की छुट्टियां मनाने अहमदाबाद गए थे। यह परिवार अहमदाबाद से वापस सलूंबर लौट रहा था। परिवार ने बताया कि गुरुवार रात जब वे अपनी कार से लौट रहे थे, तभी बिछीवाड़ा हाईवे के पास अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने उनकी चलती गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया। एक पत्थर कार के बोनट पर लगा, जिससे तेज आवाज आई और बोनट पिचक गया। परिवार ने आशंका जताई कि यदि पत्थर विंड स्क्रीन पर लगता तो गंभीर परिणाम हो सकते थे। अचानक हुए इस हमले से गाड़ी में मौजूद बच्चे और महिलाएं सहम गए। प्रवीण वरनौती ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। पीड़ित परिवार ने पथराव करने वाले बदमाशों पर कार्रवाई करने और ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *