डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में पिछले 4 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। अधिकारी अभी तक फॉल्ट का पता नहीं लगा पाए हैं, जबकि कॉलेज का अपना जनरेटर सेट भी खराब पड़ा है। इस स्थिति के कारण किराए के बड़े जनरेटर सेट से आंशिक रूप से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। थाणा स्थित डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज में 1 दिसंबर से बिजली व्यवस्था ठप है। इससे मेडिकल छात्रों की पढ़ाई और मेडिकल स्टाफ के कामकाज में भारी परेशानी हो रही है। छात्रों और चिकित्सकों को टाइम-टेबल के अनुसार ही बिजली मिल पा रही है। फॉल्ट का नहीं चला पता
कॉलेज में बिजली की आपूर्ति बनाए रखने के लिए एक किराए का जनरेटर सेट मंगवाया गया है। हालांकि, यह सेट 24 घंटे में केवल 12 घंटे ही बिजली दे पा रहा है। बिजली विभाग 1 दिसंबर से ही फॉल्ट ढूंढने का प्रयास कर रहा है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। विभाग ने अब कॉलेज प्रशासन के फंड से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। उल्लेखनीय है कि इस फीडर को निर्बाध बिजली आपूर्ति के आदेश दिए गए थे, लेकिन पिछले 5 दिनों से यह फीडर बंद पड़ा है, जिससे कॉलेज में बिजली संकट गहरा गया है।


