राजसमंद जिले में राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर 15 दिसंबर को विशेष आरोग्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आमजन को प्राथमिक से लेकर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमंत बिंदल ने बताया कि जिले के सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों, जिला चिकित्सालय, उपजिला चिकित्सालय, सैटेलाइट अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उपस्वास्थ्य केंद्रों पर यह शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी बीसीएमओ को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंचाई जाए। इसके लिए आशा एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और राज्य स्तर से प्राप्त बैनर व आईईसी सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश मीणा ने बताया- शिविरों में एनसीडी स्क्रीनिंग की जाएगी, जिसमें 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों की बीपी, शुगर, कॉमन कैंसर और बीएमआई की जांच कर डेटा एनसीडी पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत संभावित मरीजों की नाट जांच कर तुरंत उपचार शुरू किया जाएगा तथा योग्य मरीजों को पोषण किट का वितरण भी किया जाएगा। शिविर में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण, हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी चिन्हीकरण और नवजात एवं शिशुओं का नियमित टीकाकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री निशुल्क दवा एवं जांच योजना के तहत सभी दवाइयां व लैब जांचें बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी। बैठक में आरसीएचओ डॉ. सुरेश मीणा, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महेंद्र खंगारोत, टीबी अधिकारी डॉ. रामनिवास जाट सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


