सवाई माधोपुर जिले के डेकवा गांव में पारंपरिक लोक संस्कृति को सहेजते हुए पद दंगल का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न पद दंगल मंडलियों ने अपनी-अपनी शैली में धार्मिक कथाओं, गाथाओं और सामाजिक प्रसंगों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस और लोक उत्साह से सराबोर हो गया। इस दौरान कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा भी इन प्रस्तुतियों पर थिरकने पर मजबूर हो गए और वह जमकर थिरके। कृषि मंत्री ने अमरूद महोत्सव को सफल बनाने की अपील कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि जिले में आगामी 18 एवं 19 तारीख को अमरूद महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रदेश और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों से उन्नत व प्रगतिशील किसान भाग लेंगे। उन्होंने ग्रामवासियों व जनसमूहों से इस महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। पद दंगल के दौरान लोक कलाकारों की सजीव प्रस्तुतियों के साथ डॉ. किरोड़ी लाल मीणा स्वयं भी नृत्य में सहभागी बने, जिससे कार्यक्रम में विशेष आकर्षण और उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने ग्रामीण संस्कृति, सामूहिक सहभागिता और परंपराओं के संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। आपको बता दें कि इससे पहले भी कई बार कृषि मंत्री विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान थिरकते हुए नजर आ चुके हैं।


