डेढ़ किलो अफीम जब्त, तस्कर गिरफ्तार:एनडीपीएस में मामला दर्ज, मेगा हाईवे पर टाउन थाना पुलिस की कार्रवाई

हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 1 किलो 460 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रतापगढ़ (राजस्थान) के गांव पानमोडी निवासी हबीब अजमेरी (35) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टाउन थानाधिकारी ज्योति अपनी टीम के साथ गश्त पर थीं। इसी दौरान मेगा हाईवे रोड पर रावतसर से हनुमानगढ़ के रोही लखूवाली क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी हबीब अजमेरी के कब्जे से 1 किलो 460 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच पुलिस थाना सदर के थानाधिकारी निरीक्षक राकेश सांखला करेंगे। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि यह अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एएसआई भूपसिंह, कॉन्स्टेबल रामनारायण, पवन कुमार और जयकिशन शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *