झालावाड़ पुलिस ने मादक पदार्थ मंगवाने के मामले में डेढ़ माह से फरार चल रहे एनडीपीएस एक्ट के वांछित आरोपी सरफराज को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मिश्रौली पुलिस टीम ने पकड़ा। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि सरफराज (39) पुत्र परवेज निवासी रामनगर, भवानीमंडी, हाल श्रीराम कॉलोनी, भवानीमंडी, एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में वांछित था। उसे थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी भवानीमंडी थाना क्षेत्र से संबंधित एक मामले में हुई है। पुलिस के अनुसार, सरफराज मादक पदार्थ एमडीएम मंगवाने के मामले में फरार चल रहा था। इस प्रकरण में पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस को सरफराज के बारे में सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ा गया। वह पिछले करीब डेढ़ माह से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।


