जुन्नारदेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आदिवासी मरीज और उसके परिजनों के साथ अभद्रता का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। सोमवार रात को सीएचसी दमुआ में पदस्थ डॉक्टर अमनदीप द्वारा मरीज व परिजनों से कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सामने आया, जिसके बाद बुधवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) ने अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन किया। गोंगपा कार्यकर्ताओं ने बीएमओ को ज्ञापन सौंपते हुए डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि आदिवासी अंचल की जनता के साथ चिकित्सकों द्वारा इस तरह का व्यवहार किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषी चिकित्सक पर विभागीय व कानूनी कार्रवाई की मांग की। वीडियो बना कार्रवाई का आधार
मरीज व उसके परिजनों से अभद्र व्यवहार का वीडियो होने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा डॉ. अमनदीप को तत्काल प्रभाव से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दमुआ से हटाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बटकाखापा, हर्रई में अटैच कर दिया गया। बताया जा रहा है कि डॉ. अमनदीप की कार्यप्रणाली को लेकर पूर्व में भी विवाद सामने आते रहे हैं। दो डॉक्टरों ने दिया इस्तीफा
जिला प्रशासन की कार्रवाई से नाराज होकर डॉ. अमनदीप और महिला चिकित्सक डॉ. रोमा मूलचंदानी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। दोनों ने इस्तीफे संबंधी पत्र ब्लॉक मेडिकल अधिकारी को सौंपे हैं। बीएमओ डॉ. सुरेश नागवंशी ने पुष्टि करते हुए बताया कि इस्तीफे को आगे की कार्रवाई हेतु कलेक्टर को भेज दिया गया है। एफआईआर नहीं होने पर गोंगपा नाराज
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष देव रावेण भलावी ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी द्वारा बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


