हरदा जिले में एक महिला ने अपने दूर के रिश्तेदार पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। सिटी कोतवाली थाना में गुरुवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सिटी कोतवाली थाना टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि हंडिया थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता का पति करीब एक साल पहले एक दुर्घटना में घायल हो गया था। उसे शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान आरोपी श्रीकांत पीड़िता से मिलने आया, जिसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हो गई। बातचीत के दौरान आरोपी ने पीड़िता को आर्थिक मदद का भरोसा दिया और कई बार पैसे देकर सहायता की। कुछ समय बाद आरोपी ने पीड़िता से कहा कि उसके पति अब काम के नहीं रहे, इसलिए वह अपने पति को तलाक देकर उससे शादी कर ले। लॉज में बुलाकर किया गलत काम
इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के साथ गलत काम करना शुरू कर दिया। रक्षाबंधन से आठ दिन पहले आरोपी ने पीड़िता को हरदा बस स्टैंड के पास स्थित लक्ष्मी होटल में बुलाया और वहां उसके साथ संबंध बनाए। जब पीड़िता ने आरोपी से शादी करने के लिए कहा, तो उसने मना कर दिया। आरोपी ने पीड़िता से कहा कि जब भी वह बुलाए, उसे मिलने आना होगा। मना करने पर आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी और लगातार फोन कर मिलने आने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता ने पहले यह बात किसी को नहीं बताई, लेकिन आरोपी के लगातार परेशान करने पर उसने अपने पति को सारी घटना बताई। इसके बाद पीड़िता ने थाने आकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। टीआई भारती ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 69, 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।


