गंजबासौदा के राजीव जन चिकित्सालय में ड्यूटी डॉक्टर से मारपीट करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला। दरअसल, शुक्रवार को दो बदमाशों ने डॉ. चेतन बमोरिया के केबिन में घुसकर उनके साथ मारपीट की थी। उन्होंने एक नर्स के साथ भी बदसलूकी की थी। यह पूरी घटना कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना से हॉस्पिटल के स्टाफ में नाराजगी थी। उन्होंने सुरक्षा की मांग को लेकर शनिवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। आरोपियों का निकाला जुलूस पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से शनिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद आज पुलिस ने मुख्य बाजार में उनका जुलूस निकाला। इस दौरान बदमाश यह कहते हुए चल रहे थे कि अपराध करना पाप है पुलिस हमारी बाप है। एक आरोपी पर पहले से तीन मामले दर्ज इस मामले में देहात थाना प्रभारी हरिकिशन लोहिया ने बताया कि ड्यूटी डॉक्टर के साथ मारपीट करने के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका मेडिकल कराया गया है। अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक आरोपी का नाम जतिन विश्वकर्मा है और एक नाबालिग है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जतिन विश्वकर्मा का रिकॉर्ड खंगाला गया तो उसके तीन मामले सामने आए है। उसकी गुंडा फाइल तैयार की जा रही है। जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है।


