राजकीय महाविद्यालय कोटपूतली में सामाजिक समरसता दिवस पर एक सेमिनार और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर शुरू हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्यों, अतिथियों और विद्यार्थियों ने डॉ. अंबेडकर के भारत निर्माण में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को नमन किया। सभी ने उनके आदर्शों और कार्यों को याद किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्राचार्य डॉ. आर.के. सिंह ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। उन्होंने संविधान निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका, सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए उनके निरंतर संघर्ष और शिक्षा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता का विस्तार से उल्लेख किया। डॉ. सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का व्यक्तित्व युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उनके विचार और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को दिशा प्रदान करते हैं। इस कार्यक्रम में डॉ. नीरू, सज्जन सिंह यादव, डॉ. शीशराम यादव, अविनाश शर्मा और सुनील वर्मा सहित कई संकाय सदस्य, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


