भास्कर न्यूज | अमृतसर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा की गई टिप्पणी के को लेकर पंजाब अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व मेंबर डॉ. सुभाष थोबा की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन किया गया। डॉ. थोबा ने कहा कि 10 जनवरी के दलितों के बंद का समर्थन करेंगे। गुमटाला बाईपास चर्च के बाहर हुए प्रदर्शन में डॉ. थोबा ने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है, तब से ही अल्पसंख्यक वर्ग पर अत्याचार हो रहे हैं। अब अमित शाह ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति गलत टिप्पणी की है, जो सहन योग्य नहीं है। उनका कहना है कि उक्त टिप्पणी शाह की दलित विरोधी तथा अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के प्रति घटिया मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अमित शाह अपनी इस भूल के लिए देश से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि शाह की टिप्पणी के खिलाफ 10 जनवरी को अमृतसर बंद किया जाएगा अगर शाह ने माफी न मांगी तो यह आंदोलन देशव्यापी बनेगा। इस मौके पर दर्शन माह, ईसादास टोनी, संजय प्रधान, पत्रस मसीह, अमन मट्टू, हैप्पी गुमटाला, कुलदीप गिल, वरिंदर मसीह, केवल मसीह आदि मौजूद थे।


