पोद्दार इंटरनेशनल कॉलेज और पोद्दार मैनेजमेंट एंड टेक्निकल कैंपस में डिग्री वितरण समारोह ‘स्पंदन-2025’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यूजी, पीजी और मैनेजमेंट के उन छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं जो पहले ही प्लेसमेंट पाकर बेहतर जॉब कर रहे हैं। डिग्री मिलने से छात्रों की खुशी दोगुनी हो गई। इस समारोह में यूनिवर्सिटी ऑफ राजस्थान और राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी के 2023 बैच के पासआउट विद्यार्थियों को डिग्रियां वितरित की गईं। इनमें बीए, बीएससी, बीबीए, बीसीए, बीकॉम, एमसीए, एमएससी और एमबीए सहित विभिन्न कोर्स के छात्र शामिल थे। पूर्व छात्रों ने कॉलेज के साथ बिताए गए अपने पलों को याद किया और कॉलेज द्वारा प्रदान किए गए बेहतर प्लेसमेंट अवसरों की सराहना की। छात्रों के एल्यूमिनी क्लब की ओर से रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। स्टूडेंट्स ने एक-दूसरे के साथ सेल्फी ली और अपने नए पेशेवर सफर की ओर बढ़ने से पहले अपनी खुशी साझा की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. निमित्त चौधरी ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने लाइफ लॉन्ग लर्निंग का संदेश दिया और छात्रों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने की सीख दी, चाहे वे कितनी भी ऊंचाई पर पहुंच जाएं। उन्होंने जीवन में उद्देश्य, अनुशासन और स्वयं को पहचानने की आवश्यकता पर जोर दिया। अजमेर की सेंट्रल यूनिवर्सिटी के एनवायरनमेंट साइंस विभाग प्रमुख डॉ. प्रमोद एन. कांबले ने गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा एक साधना है और अकादमिक और मूल्यों के बीच तालमेल आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को अच्छी नौकरी मिलने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लघु उद्योग भारती की राष्ट्रीय कार्यकारिणी महामंत्री अंजू सिंह ने भी गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में छात्रों को प्रेरक उद्बोधन दिया। पोद्दार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. आनंद पोद्दार ने अपने संबोधन में वर्तमान में स्किल-आधारित शिक्षा की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि कॉलेज का इसी पर ध्यान केंद्रित रहता है, यही कारण है कि हर साल कॉलेज के छात्र प्लेसमेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं।


