अमृतसर| चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया सिनॉड के मॉडरेटर, द मोस्ट रेव. डॉ. परितोष कैनिंग की पहली अमृतसर यात्रा धार्मिक उल्लास और पारंपरिक भव्यता के साथ संपन्न हुई। शहर पहुंचने पर उनका स्वागत पंजाबी लोक संगीत, ढोल की थाप और पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं के नृत्य के साथ किया गया। पादरियों और चर्च के नेताओं की अगुवाई में चर्च के बरामदे तक एक जुलूस निकाला गया। सेंट पॉल चर्च, कोर्ट रोड में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा के दौरान मॉडरेटर डॉ. कैनिंग ने आसमान में सफेद कबूतर उड़ाकर शांति का संदेश दिया। बाइबिल के संदर्भ “पैक्स इन टेरिस” (लूका 2:14) को साझा करते हुए उन्होंने समाज में सद्भाव पर जोर दिया। इस दौरान देश की प्रगति के प्रतीक स्वरूप तिरंगे गुब्बारे भी आसमान में छोड़े गए। कार्यक्रम में ऑडियो-विजुअल प्रेजेंटेशन के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा राहत के क्षेत्रों में डायोसिस ऑफ अमृतसर के कार्यों को प्रदर्शित किया गया।


